देहरादून। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी रविवार को उत्तराखंड पहुंचेंगे। दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह हेलिकॉप्टर से केदारनाथ रवाना हो जाएंगे, जहां वह तीन दिन रहेंगे। यह उनकी नितांत निजी और आध्यात्मिक यात्रा मानी जा रही है। इस संबंध में एआईसीसी या राहुल के दफ्तर से कोई कार्यक्रम भी जारी नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी का कोई भी पदाधिकारी उन्हें वहां रिसीव करने नहीं जाएगा। यहां से राहुल सीधे हेलिकाॅप्टर से केदारपुरी के लिए उड़ान भरेंगे।
जहां उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता व बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल रिसीव करेंगे। केदारपुरी में राहुल गांधी किस धर्मशाला में रुकेंगे, इसका भी खुलासा नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुछ धर्मशालाओं को पहले से रिजर्व किया गया है। इससे पहले राहुल गांधी इसी तरह से अचानक अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में पहुंचे थे, जहां उन्होंने तीन दिन रहकर सेवा कार्य में भी हाथ बंटाया था। राहुल गांधी वर्ष 2013 की आपदा के बाद भी केदारनाथ धाम आ चुके हैं। उस दौरान उन्होंने पैदल ही केदारनाथ की यात्रा की थी।


More Stories
फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, गोवा में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव
सैन्यधाम के लोकार्पण से पूर्व सभी शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सैन्य धाम यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें अधिकारी : गणेश जोशी
संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट, कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने पर जोर, हेल्पलाइन नंबर 1926 का हो व्यापक प्रचार-प्रसार -डीएम