September 22, 2026

हिम सन्देश

न्यूज़ पोर्टल

मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे डीएलएड प्रशिक्षितों को पुलिस ने खदेड़ा

मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे डीएलएड प्रशिक्षितों को पुलिस ने खदेड़ा

-निराश होकर लौटे प्रशिक्षित। उक्रांद अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने धरनास्थल पहुंचकर दिया डायट प्रशिक्षितों को समर्थन।

uttarakhand mimansa। डायट डीएलएड प्रशिक्षित आज धरने के 21वे दिन भी नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में धरना देने पहुँचे। राजीव नवोदय विद्यालय में मुख्यमंत्री धामी के आने की सूचना पर सभी प्रशिक्षित नवोदय विद्यालय के बाहर मुख्यमंत्री से मिलने पहुँचे। लेकिन, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे पुलिस अधिकारियों ने प्रशिक्षितों को वहाँ से बलपूर्वक खदेड़ दिया। इसके बाद निराश प्रशिक्षित वापस अपने धरना स्थल पर पहुँचे। प्रशिक्षितों ने सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री के फ़ेसबुक लाइव पर कमेंट कर रोष व्यक्त किया गया।

मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा से धरना देने पहुँचे भूपेंद्र ने बताया कि उनका प्रतिनिधिमंडल शांतिपूर्ण ढंग से मुख्यमंत्री से मिलना चाहता था और नियुक्ति में हो रही देरी से मुख्यमंत्री को अवगत कराना चाहता था। लेकिन, अधिकारियों द्वारा उनकी एक नहीं सुनी गयी और बलपूर्वक वहाँ से हटा दिया। पिछले दिन ही डायट डीएलएड प्रशिक्षितों द्वारा प्राथमिक शिक्षक भर्ती में हो रही देरी के विरोध में विधानसभा कूच किया गया था। वहाँ भी उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री या उनके किसी प्रतिनिधि ने नहीं लिया।

प्रशिक्षित बेरोजगार जितेन्द्र ने बताया कि राज्य सरकार लगातार रिक्त पदों को भरने की बात कर रही है। लेकिन, जो भर्तियां 4-5 सालों से लटकी हुई है, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार गंभीर नहीं है। प्रशिक्षितों का कहना था कि जब तक उनकी नियुक्ति नहीं हो जाती वो लगातार शिक्षा निदेशालय में बैठे रहेंगे और अपनी नियुक्ति के बाद ही यहाँ से उठेंगे।

धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे ऐरी

उक्रांद के अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी पार्टी के मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल के साथ निदेशालय धरनास्थल पहुँचे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी डायट प्रशिक्षितों की मांग का समर्थन करती है। मांग संवैधानिक रूप से उचित है, जिसका सरकर और विभाग को संज्ञान लेना चाहिए। ऐरी ने कहा कि उच्च न्यायालय में जो वाद लंबित है, सरकार ठोस पैरवी कर मामलों को निस्तारण कर प्रशिक्षितों को उनका हक़ दें।

You may have missed