पिथौरागढ़। 50 राष्ट्रीय राइफल (आरआर) में तैनात नायक दीपक सिंह सुगड़ा (29) पुत्र मोहन सिंह की जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के खेरू में मौत हो गई है। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वह दो सप्ताह पूर्व छुट्टी पूरी कर अपनी यूनिट में गए थे। इस संबंध में एसडीएम भगत सिंह फोनिया ने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है। तीन महीने पहले दीपक सिंह सुगड़ा की पत्नी हिमानी (24) की बीमारी के कारण हल्द्वानी के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
नायक दीपक सिंह की इंटर तक की पढ़ाई चौरपाल से हुई थी। वह वर्ष 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। जानकारी के अनुसार दीपक दो बार पैरा स्पेशल कमांडो की ट्रेनिंग ले चुके हैं लेकिन पैर में चोट आने के कारण उन्हें वापस यूनिट भेज दिया गया। दीपक सिंह का एक साल का बेटा अपनी दादी के साथ गांव में रहता है जिसका वह पांच दिन पहले जन्मदिन मनाकर ड्यूटी पर गए थे। उस समय दीपक ने बेटे और पत्नी की फाइल फोटो को सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
दीपक सिंह के पिता मोहन सिंह की चार साल पहले मौत हो चुकी है। उनके दो भाई अनिल सिंह सुगड़ा और गोकुल सिंह सुगड़ा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वर्ष 2015 में दीपक के सेना में भर्ती होने पर पूरे परिवार ने जश्न मनाया था। दीपक सिंह के मौत की सूचना अभी उनकी माता कौशुली देवी (54) को नहीं दी गई है।


More Stories
फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, गोवा में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव
सैन्यधाम के लोकार्पण से पूर्व सभी शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश, प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सैन्य धाम यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें अधिकारी : गणेश जोशी
संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट, कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने पर जोर, हेल्पलाइन नंबर 1926 का हो व्यापक प्रचार-प्रसार -डीएम