नई दिल्ली, राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा का पूरा फोकस राजस्थान की सत्ता में वापसी पर है। इसी के चलते PM मोदी आज राजस्थान से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे।
BJP का राजस्थान पर पूरा फोकस
दरअसल, राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और अगले साल देश में लोकसभा का चुनाव होना है। हाल ही में बीजेपी को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में भाजपा का पूरा फोकस उन राज्यों पर है, जहां इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें एक राज्य राजस्थान भी है। यहां इस साल के अंत (दिसंबर) में चुनाव होना है।
अजमेर से मिशन 2024 का शंखनाद करेंगे पीएम मोदी
बीजेपी ने केंद्र की सत्ता में 9 साल पूरे होने पर देश भर में एक महीने तक जनसंपर्क अभियान को शुरू करने का फैसला किया है। इसी के तहत ही पीएम मोदी आज इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के अजमेर से करेंगे। भाजपा का दावा है कि पीएम मोदी की इस रैली में करीब दो लाख लोगों की भीड़ जुट सकती है।
BJP ने अजमेर को ही क्यों चुना?
- प्रधानमंत्री मोदी के इस सभा के जरिए बीजेपी अजमेर के आसपास की आठ लोकसभा सीटों को भी साधने में जुटी है।
- इन आठ लोकसभा क्षेत्रों में 64 सीटें आती हैं। हालांकि, बीजेपी का पूरा फोकस करीब 45 विधानसभा सीटों पर हैं, जो अजमेर से बिलकुल नजदीक हैं।
- पीएम मोदी की रैली के लिए आठ लोकसभा और 45 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
- इन 45 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास 20 सीटें हैं। इसके अलावा 20 सीटें कांग्रेस के पास है और बाकी सीटें अन्य दलों के पास है।
सचिन पायलट के गढ़ में सेंध लगाने में जुटी BJP
ये भी माना जा रहा है कि पीएम मोदी के अजमेर से अभियान की शुरुआत करने से कांग्रेस को बड़ा नुकसान हो सकता है। बता दें कि कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट अजमेर से ही आते हैं। साल 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसलिए पीएम मोदी की रैली के लिए अजमेर के चुनना एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
जाट और मुस्लिम वोटरों पर BJP की नजर
पिछले 8 महीने में पीएम मोदी का राजस्थान का यह छठा दौरा है। राजस्थान चुनाव में कोई कसर न छूटे इसके लिए BJP हर कमी को दूर करना चाहती है। साथ ही भाजपा का फोकस यहां के जातिगत वोटरों पर भी है। अजमेर के आसपास के क्षेत्र में जाट और मुस्लिमों की बड़ी संख्या है। राजस्थान की सियासत में मुस्लिम वोटर कांग्रेस के पक्ष में ही मतदान करते रहे हैं, जबकि कांग्रेस को जाट वोटरों का भी साथ मिलता है।
कायड़ विश्राम स्थली में होगी विशाल जनसभा
बता दें कि पीएम मोदी अपने अजमेर दौरे के दौरान पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में एक सभा को संबोधित करेंगे। सभा के लिए एक विशाल पंडाल बनाया गया है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भाजपा नेताओं को दी गई है, ताकि पीएम मोदी की सभा को भव्य और आलीशान बनाया जा सके।


More Stories
राजधानी में डेंगू का प्रकोप तेज: अक्तूबर के पहले 17 दिनों में मिले 304 मरीज
पिनाराई विजयन को केरल हाई कोर्ट से बड़ा झटका, बेटी और दामाद की याचिकाएं भी खारिज
विधानसभा सत्र के समापन पर सुनील शर्मा का सरकार पर हमला, बोले- वादों पर खरा नहीं उतरी उमर सरकार