वार्ड-52 में दूषित और झागयुक्त पानी की आपूर्ति से बढ़ी लोगों की चिंता, टैंकरों से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश
हल्द्वानी। शहर के वार्ड-52 स्थित जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों के माध्यम से दूषित एवं झागयुक्त पानी पहुंचने का मामला सामने आने के बाद पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा कि 4 अक्टूबर को प्रकाशित समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जज फार्म क्षेत्र में घरों में नलों से गंदा एवं झागयुक्त पानी आने की जानकारी मिली। स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र के कई घरों में पानी पीने योग्य नहीं है तथा उसमें गंदगी और झाग की शिकायत सामने आई है।
पत्र में बताया गया कि क्षेत्र में गौला नदी और ट्यूबवेल दोनों की पाइपलाइनों के मौजूद होने के बावजूद समस्या बनी हुई है। इसके अलावा शीशमहल फिल्टर प्लांट में सिल्ट जमा होने से भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है।
सांसद ने पत्र में ज्योलिकोट में गंदे पानी के कारण लोगों के बीमार होने की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि दूषित पानी से जलजनित बीमारियों और महामारी फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
अजय भट्ट ने जिलाधिकारी से जल संस्थान एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र की पाइपलाइनों की जांच कराने, पानी के स्रोत और गुणवत्ता की जांच कराने तथा पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक क्षेत्रवासियों को टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।


More Stories
SDRF उत्तराखण्ड को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र, यह उपलब्धि हासिल करने वाला बना देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल
अपर निदेशक ने किया श्रीनगर पशु चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण, टीकाकरण एवं विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
खेल प्रतिभा, जुनून, उमंग और प्रतिस्पर्धा का संगम बना पौड़ी, 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शानदार आगाज