नई दिल्ली, संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण भी पहले की तरह धुलता नजर आ रहा है। बीते कई दिनों से सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी-अपनी मांगों के चलते संसद की कार्यवाही को चलने नहीं दे रहे हैं। इस बीच आज एक बार फिर संसद की कार्यवाही में घमासान मचने की संभावना है। वहीं, कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सरकार ने अपने मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राहुल के खिलाफ उतार दिया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिहं पुरी ने आज संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हर बात झूठी होती है। पुरी ने कहा कि राहुल ने विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र और प्रेस पर कोई सवाल उठा ही नहीं सकता है।
राहुल की माफी की फिर उठेगी मांग
सरकार और भाजपा नेता एक बार फिर आज राहुल गांधी से उनके लंदन वाले बयान को लेकर माफी की मांग करेंगे। राहुल के लोकतंत्र और भारतीय मीडिया पर दिए बयान को लेकर सरकार पहले से ही हमलावर है और उनकी माफी पर अड़ी है। हालांकि, अमित शाह ने स्पीकर से मिलकर गतिरोध खत्म करने की बात कही है, लेकिन वैसा होता फिलहाल संभव नहीं लग रहा है।
विपक्ष ने भी रणनीति बनाने के लिए की बैठक
विपक्षी नेता आज संसद में भाजपा को घेरने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसके लिए समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में सदन के पटल की रणनीति बनाने के लिए बैठक की।
अदाणी मामले पर घेरने की होगी कोशिश
विपक्षी सांसद एक तरफ जहां राहुल के पक्ष में एकजुट दिख रहे हैं। वहीं, सभी विपक्षी पार्टियां अदाणी मामले में जेपीसी की जांच की मांग कर रही हैं। विपक्ष का कहना है कि जेपीसी ही इस मामले में स्थिति साफ कर सकती है।


More Stories
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए ग्रामीण आजीविका मॉडल को मजबूत करने पर मंथन
मुख्यमंत्री धामी की दो टूक संदेश—सड़कें गड्ढामुक्त हों, विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता हुआ तो जिम्मेदार अधिकारी पर होगी कार्रवाई
वसुंधरा ताल में स्थापित हुई पूर्व चेतावनी प्रणाली, ग्लेशियल झीलों की निगरानी को मिलेगी मजबूती