नई दिल्ली, कर्नाटक का अगला सीएम कौन होगा, इसको लेकर सस्पेंस बरकरार है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धरमैया का नाम अगले मुख्यमंत्री (Karnataka New CM) की रेस में सबसे आगे चल रहा है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नए सीएम को लेकर लगातार मंथन चल रहा है।
सिद्धरमैया सोमवार को दिल्ली पहुंच चुके हैं। डीके शिवकुमार भी आज दिल्ली पहुंच रहे हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले डीके शिवकुमार ने कहा कि पार्टी मां समान होती है, पार्टी हाईकमान से मिलूंगा, हमें जो चाहिए होता है वो मां देती है। उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी संख्या 135 है, मैं यहां किसी को विभाजित नहीं करना चाहता। अगर पार्टी चाहती है तो वे मुझे जिम्मेदारी देंगे। मैं बैकस्टैब नहीं करूंगा और मैं ब्लैकमेल नहीं करूंगा।’
इससे पहले शिवकुमार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली का अपना दौरा रद्द कर दिया। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के ज्यादातर विधायकों ने सिद्धरमैया को पहली पसंद बताया है, लेकिन शिवकुमार भी दावेदारी छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
सीएम पर आलाकमान करेगा फैसला: शिवकुमार
शिवकुमार ने कहा था कि सभी विधायक एक साथ हैं। पार्टी हाईकमान मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लेगा। एजेंसी से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा, ‘मैं सीएम के नाम पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मुझे जो कुछ भी बोलना था, मैं पहले ही बोल चुका हूं। मुझे विधायकों का समर्थन नहीं चाहिए। यह मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं है। हम सब एक हैं और मिलकर काम करेंगे।’
आज फिर होगी बैठक
कर्नाटक के सीएम के नाम को लेकर पिछले दो दिनों से मंथन चल रहा है। आज फिर इसको लेकर बैठक होने जा रही है। पर्यवेक्षक सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि सीएम के नाम को लेकर मंगलवार को फिर बैठक होगी। पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंप दी है। आज शाम इस पर फैसला ले लिया जाएगा।
गुरुवार को होगा शपथ ग्रहण समारोह!
इससे पहले रविवार को पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित विधायकों की बेंगलुरु में बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दे दिया गया। आज या कल सीएम के नाम का एलान हो सकता है। गुरुवार को राज्य में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।


More Stories
पिनाराई विजयन को केरल हाई कोर्ट से बड़ा झटका, बेटी और दामाद की याचिकाएं भी खारिज
विधानसभा सत्र के समापन पर सुनील शर्मा का सरकार पर हमला, बोले- वादों पर खरा नहीं उतरी उमर सरकार
इलाहाबाद हाईकोर्ट से शिक्षामित्रों को झटका: स्पेशल टीईटी में शामिल करने की मांग वाली याचिका खारिज