हिम सन्देश, 23 सितम्बर 2022, शुक्रवार, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती घोटाले में अंतिम व्यक्ति के पकड़े जाने तक जांच जारी रहेगी। सचिवालय में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भर्ती घपले के आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई को लेकर सरकार सख्त है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा चार्जशीट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अब तक 41 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 से आयोग की भर्तियों में गड़बड़ी, घोटाला, प्रश्नपत्र लीक होने के मामले सामने आ रहे हैं। लंबे समय से यह सबकुछ चलता रहा। अब इसे रुकना चाहिए।
विधानसभा में अनियमित नियुक्तियां रद होनी चाहिए
विधानसभा में नियुक्तियों में अनियमितता के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी नियुक्तियां हर हाल में निरस्त होनी चाहिए। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से जांच की मांग करते समय ही अपना मंतव्य स्पष्ट कर दिया था। इस दिशा में काम भी हो रहा है।
मंत्रिमंडल में फेरबदल से इन्कार
मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार पर मुख्यमंत्री ने टिप्पणी से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर उनकी राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा नहीं हुई। अभी केवल आपदा और पुलिस आधुनिकीकरण पर विचार हुआ। प्रदेश में पुलिस चौकियां और थाने काफी पुराने हो चुके हैं।
इनके आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार से सहायता की मांग की गई। साथ में आपदा से देहरादून व टिहरी और आसपास के क्षेत्रों के साथ धारचूला में बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात में प्रदेश में आपदा प्रबंधन संस्थान एवं शोध केंद्र की स्थापना करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का रवैया सकारात्मक रहा है।


More Stories
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए ग्रामीण आजीविका मॉडल को मजबूत करने पर मंथन
मुख्यमंत्री धामी की दो टूक संदेश—सड़कें गड्ढामुक्त हों, विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता हुआ तो जिम्मेदार अधिकारी पर होगी कार्रवाई
वसुंधरा ताल में स्थापित हुई पूर्व चेतावनी प्रणाली, ग्लेशियल झीलों की निगरानी को मिलेगी मजबूती